डीएवी सीसीएल गिरिडीह में नशामुक्ति की शपथ, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह में हवन के बाद नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान के तहत शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली।

विलियम जैकब

गिरिडीह :  डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह में प्रातःकालीन सभा के दौरान हवन कार्यक्रम के बाद नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान के तहत विशेष सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मेडिकल विंग की ओर से संचालित किया जा रहा है।

विद्यालय के प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। सभी ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ इसके विरुद्ध खड़े रहने का प्रयास करेंगे।

प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और आत्मसंयम के जरिए युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से बचाया जा सकता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मसंयम और स्वस्थ जीवन के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *