सीसीएल गिरिडीह में मजदूरों की समस्याओं पर मंथन, प्रबंधन ने दिया भरोसा

राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ ने सीसीएल गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधक से बैठक कर अस्पताल, एक्स-रे टेक्नीशियन और पेयजल जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाया।

विलियम जैकब

गिरिडीह : राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के पदाधिकारियों की शनिवार को सीसीएल गिरिडीह एरिया के महाप्रबंधक के.एस. गायवाल के साथ परिचयात्मक बैठक हुई। बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने मजदूरों और सीसीएल कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष प्रमुखता से रखा।

बैठक में प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक के.एस. गायवाल के अलावा परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा, स्टाफ ऑफिसर (पर्सनल) शैलेंद्र कुमार, स्टाफ ऑफिसर (माइनिंग) अनिल पासवान और प्रबंधक (कार्मिक) अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की ओर से अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा (अधिवक्ता), महाप्रबंधक कार्यालय यूनिट के सचिव इकबाल अंसारी, कबरीबाद परियोजना अध्यक्ष राहुल कुमार, सचिव प्रकाश कुमार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, मोहम्मद अख्तर समेत अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।

परिचयात्मक बैठक के बाद यूनियन ने जनहित और श्रमिक हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रबंधन के सामने रखे। इनमें सीसीएल के लंकास्टर हॉस्पिटल के समुचित संचालन और एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति का मुद्दा प्रमुख रहा। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक चिकित्सा और तकनीकी सुविधाओं की उपलब्धता जरूरी है।

बैठक में पापरवाटांड स्थित सीसीएल कॉलोनी, बनियाडीह और बुढ़िया खाद मोती मोहल्ला में पेयजल की गंभीर समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का जल्द और स्थायी समाधान किए जाने की जरूरत है।

पेयजल समस्या पर महाप्रबंधक के.एस. गायवाल ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए अन्य मुद्दों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। महाप्रबंधक ने मजदूरों के हितों को प्राथमिकता देने और यूनियन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने की बात कही।

यूनियन अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ श्रमिक हितों के साथ-साथ सीसीएल क्षेत्र में बेहतर औद्योगिक संबंध और कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रबंधन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *