मनोज सिन्हा
धनबाद : आगामी 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित झंडारोहण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समारोह को भव्य, अनुशासित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समारोह स्थल पर चल रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह, नजारत उप समाहर्ता दीपक दुबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार मिश्रा, जिला नाजिर आनंद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




