धनबाद में 11 से 21 अगस्त तक लगेगा बच्चों का मेगा स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ करेंगे मुफ्त इलाज

धनबाद सदर अस्पताल में 11 से 21 अगस्त तक आरबीएसके विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित होगा, जहां 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की जांच, परामर्श और उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जाएगा।

मनोज सिन्हा

धनबाद : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत 11 से 21 अगस्त 2026 तक सदर अस्पताल, धनबाद में आयोजित होने वाले विशेष चिकित्सा शिविर की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर की सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समय पर उपचार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित सभी संबंधित इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

शिविर में सदर अस्पताल, एसएनएमएमसीएच, एसएसएलएनटी अस्पताल, रिम्स/देवकमल (रांची) तथा पारस अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इस दौरान क्लब फुट, दंत रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट तथा त्वचा रोग से पीड़ित 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की जांच, आवश्यक परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त ने ऑपरेशन थिएटर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, आधुनिक मशीनों, दवाओं, रक्त की उपलब्धता, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, विशेष बेड तथा बच्चों के लिए अलग कक्ष सहित सभी चिकित्सा सुविधाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन शिविर में आने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए एम्बुलेंस, परिवहन, पंजीकरण, स्क्रीनिंग, जांच और रेफरल की समुचित व्यवस्था की जाए। भर्ती बच्चों के लिए विशेष वार्ड और आवश्यक देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, आरबीएसके टीम, सीएचसी और एचएससी के माध्यम से पहले से चिन्हित सभी बच्चों को शिविर तक लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र बच्चा उपचार से वंचित नहीं रहना चाहिए।

साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी और जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी सूची, आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सहित सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल, एसएनएमएमसीएच, एसएसएलएनटी अस्पताल, शिक्षा विभाग, आरबीएसके टीम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.