रातू, (अब्दुल बारीक ) : अंजुमन इस्लामिया रातू प्रखंड के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के तहत आज लॉरेंस इंटर कॉलेज, हुरहुरी में चुनाव समिति ने सभी प्रत्याशियों को विधिवत उनके चुनाव चिन्ह आवंटित किए। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही प्रखंड में चुनावी माहौल गर्माने लगा है और विभिन्न पदों के प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की तैयारी में हैं।
चुनाव समिति की ओर से जारी सूची के मुताबिक, सदर, सेक्रेटरी, नायब सदर, नायब सेक्रेटरी और खजांची पदों के लिए प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह दिए गए हैं।
सदर पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में
सदर पद के लिए कुल पांच प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें अताउल्ला अंसारी को सीलिंग पंखा छाप, शाहिद अंसारी को तराजू छाप, शमीम मंसूरी को छतरी छाप, जसीम अंसारी को सीढ़ी छाप और जाकिर अंसारी को कुर्सी छाप आवंटित किया गया है।
सेक्रेटरी पद पर तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
सेक्रेटरी (महासचिव) पद के लिए अनीसुल रहमान को अलमीरा छाप, नौशाद आलम को गैस सिलेंडर छाप और मुंतजिर खान को किताब छाप चुनाव चिन्ह मिला है।
नायब सदर पद के प्रत्याशियों को मिले खेल से जुड़े चिन्ह
नायब सदर पद के लिए अंजुम खान को बैडमिंटन रैकेट छाप, जेयाउल हक को बैट-बॉल छाप और सैय्यद फिरोज को फुटबॉल छाप आवंटित किया गया है।
वहीं, नायब सेक्रेटरी पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। आकिब अंसारी को हवाई जहाज छाप और मोख्तार अंसारी को ट्रैक्टर छाप चुनाव चिन्ह दिया गया है।
खजांची पद के लिए तीन प्रत्याशियों में मुकाबला
खजांची पद के लिए अजमूल हक को जग छाप, तौफीक अंसारी को ताला-चाबी छाप और वसीम राजा को मोबाइल छाप आवंटित किया गया है। सभी प्रत्याशी अब अपने-अपने चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी में जुटेंगे।
31 अक्टूबर को मतदान, उसी दिन होगी मतगणना
चुनाव समिति ने जानकारी दी कि अंजुमन इस्लामिया रातू प्रखंड का मतदान 31 अक्टूबर को लॉरेंस इंटर कॉलेज, हुरहुरी में कराया जाएगा। मतदान सुबह 08:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
चुनाव समिति के सदस्य और गणमान्य लोग रहे मौजूद
चुनाव चिन्ह आवंटन के दौरान चुनाव समिति के अध्यक्ष रियाजुल अंसारी, सचिव मियांजान अंसारी, सहदुल अंसारी, गफ्फार अंसारी, महमूद अंसारी, तैयब अंसारी और मुबारक खान सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर सभी प्रत्याशियों के साथ प्रखंड के कई गणमान्य और दानिश्वर लोग भी उपस्थित थे।
चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें 31 अक्टूबर को होने वाले मतदान और उसी दिन घोषित होने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।




