रातू : प्रखंड अंजुमन इस्लामी चुनाव को लेकर रातू प्रखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। हुरहुरी स्थित लॉरेंस इंटर कॉलेज के परिसर में चुनावी गतिविधियों के बीच नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। 40 सदस्यीय कमेटियों के गठन के लिए हो रहे इस चुनाव में स्थानीय लोगों और प्रत्याशियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समाज के सुचारू संचालन, आपसी सौहार्द को मजबूत करने और सामाजिक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस चुनाव में क्षेत्र के कई सम्मानित उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 16 अक्टूबर 2026 को 11 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए, जबकि दूसरे दिन 17 अक्टूबर को पांच प्रमुख उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन किया। चुनाव को लेकर लॉरेंस इंटर कॉलेज, हुरहुरी चुनावी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
अध्यक्ष से कोषाध्यक्ष तक कई प्रत्याशियों ने पेश की दावेदारी
सदर यानी अध्यक्ष पद के लिए अताउललाह अंसारी (फुटकल टोली), जसीम अंसारी (चापा टोली), शमीम मंसूरी (सिमलिया), जाकिर अंसारी (बनापीड़ी) और शाहिद अंसारी (फुटकल टोली) ने नामांकन किया है। सेक्रेट्री यानी सचिव पद के लिए मुंतज़िर खान (पंडरा), अनीसुल रहमान (भोंडा) और नौशाद आलम (बनापीड़ी) मैदान में हैं।
नायब सदर यानी उपाध्यक्ष पद के लिए सैय्यद फिरोज (हुसैन नगर, सिमलिया), अंजुम खान (काठी टांड़) और जियाउल हक (हुरहुरी) ने दावेदारी पेश की है। वहीं, नायब सेक्रेट्री यानी सह-सचिव पद के लिए मोख्तर अंसारी (फुटकल टोली) और आकिब अंसारी (सिमलिया) ने नामांकन किया है।
खजांची यानी कोषाध्यक्ष पद के लिए अजमूल हक (फुटकल टोली), तौफीक अंसारी (जाड़ी) और वसीम अकरम ने अपनी दावेदारी पेश की है। प्रत्याशियों के नामांकन के बाद चुनाव को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
18 अक्टूबर को स्क्रूटिनी और नाम वापसी, 31 को मतदान
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 21 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से लॉरेंस इंटर कॉलेज में चुनाव चिन्ह वितरित किए जाएंगे। मतदान 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को हुरहुरी स्थित लॉरेंस इंटर कॉलेज में कराया जाएगा।
चुनाव समिति से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, प्रखंड अंजुमन इस्लामी का यह चुनाव सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने और समाजहित के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना है कि कमेटियों के सशक्त होने से सामाजिक गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी। समिति ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाएं।
इस अवसर पर चुनाव कमेटी के अध्यक्ष रियाजुल अंसारी, सचिव मियांजन अंसारी, गफ्फार अंसारी, सफीक अंसारी, तैय्यब अंसारी, मौलाना जमीर, मोहिउद्दीन अंसारी, इसहाक खान, हाफिज जान मोहम्मद, गुलजार अंसारी, मुबारक खान, आदिल अंसारी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।




