धनबाद में मिलावटी पनीर पर शिकंजा, खाद्य विभाग ने की छापेमारी

धनबाद में मिलावटी पनीर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर मौके पर नमूनों की जांच की और दुकानदारों को सुधार के लिए 7 दिन दिए।

धनबाद : मिलावटी पनीर और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर धनबाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन एवं अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में बिकने वाली सामग्री की मौके पर जांच की गई। विभाग की टीम ने लिए गए नमूनों की वहीं रासायनिक जांच की, ताकि खाद्य पदार्थों में मिलावट की स्थिति का तत्काल पता लगाया जा सके।

अभियान के तहत लुबी सर्कुलर रोड स्थित कई खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें WAO MOMOS, SHIV CAFE, PAUPUKA CAKE, BUTTER NAAN और SUNIL KUMAR SAW समेत अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे।

जांच के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में पर्याप्त हाइजीन बनाए रखें और किसी भी तरह की मिलावट से पूरी तरह बचें।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सात दिनों का समय दिया है। इस अवधि में आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, साउथ का स्वाद नामक प्रतिष्ठान में फूड लाइसेंस नहीं मिलने और नियमों का पालन नहीं किए जाने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि धनबाद जिले के नागरिकों को स्वच्छ, शुद्ध और मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में निरीक्षण और जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जांच दल में नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री चंदन साव, श्री चन्द्रकांत गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा और नैना नायक के अलावा विभाग के राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार और शुभम कुमार मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *