मनीष सिन्हा
धनबाद : जगजीवन नगर में भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा के दौरान बुधवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। यात्रा में शामिल मशाल से निकली जलती चिंगारी विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर जा गिरी, जिससे उनके कपड़े में आग लग गई। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझा दी और बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान सांसद ढुल्लू महतो मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे खड़े विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर अचानक मशाल से निकली चिंगारी गिर गई। चिंगारी लगते ही शर्ट में आग भड़क उठी। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी और कुछ ही देर में स्थिति पर काबू पा लिया।
घटना में विधायक की शर्ट जल गई, लेकिन उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई। समय रहते आग बुझ जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम के तहत मशाल लेकर यात्रा निकाली जा रही थी। विधायक की शर्ट में आग लगने की घटना ने मशाल जुलूस के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।




