संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट
पटना : संजीवनी आई हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, किदवईपुरी, पटना और जनकल्याण सेवा समिति, महावीर मंदिर, महावीर नगर, बेऊर की ओर से महावीर नगर, बेऊर के समीप नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 80 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर शुरू होने के साथ ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा नि:शुल्क शुगर जांच की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य जांच के दौरान चिकित्सकों ने मरीजों को नियमित रूप से अपनी सेहत की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने संतुलित आहार लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया। चिकित्सकों ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है।
आयोजकों के अनुसार, शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। नि:शुल्क जांच और दवा मिलने से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा हुई।
शिविर में डॉ. सुनील कुमार सिंह, बालेन्द्र शर्मा, अरविंद, राणा कुमार सिंह, कुंदन कुमार, विनोद कुमार, विजय शंकर विद्यार्थी, मानेश्वर मिश्रा, योगेन्द्र कुमार, भोला सिंह, अंकित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




