बानो में सड़क लूटकांड का त्वरित खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बानो में दो लोगों से नकदी और मोबाइल लूट के मामले में पुलिस ने खूंटी के पंचघाघ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, 17 वर्षीय किशोर भी निरुद्ध।

सिमडेगा I बानो थाना क्षेत्र में सड़क पर दो लोगों से करीब 20 हजार रुपये नकद और स्क्रीन टच मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 17 वर्षीय किशोर को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो स्क्रीन टच मोबाइल, लोहे की मोटरसाइकिल चेन और हैंडपंच बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को बानो थाना क्षेत्र के बड़ाईक टोली निवासी ताज हुसैन के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बानो थाना कांड संख्या 30/26 दर्ज किया गया था। सड़क लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।

हुलिए और तकनीकी जांच से मिला सुराग

पुलिस के मुताबिक, वादी और गवाहों से मिले अपराधियों के हुलिए, संदिग्ध मोटरसाइकिल के विवरण और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ गांव में छापेमारी की। यहां से तीनों को पकड़ा गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी कथित संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल सामान और लूटे गए मोबाइल से जुड़े सामान की बरामदगी की।

दो गिरफ्तार, 17 वर्षीय किशोर निरुद्ध

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दाऊद नाग उर्फ कटेया (23), निवासी कातुद, मारंगहादा, खूंटी और कालीफ पूर्ति (22), निवासी मुटुदा (हिसाकोचा), चौका, सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई है। वहीं अड़की थाना क्षेत्र के 17 वर्षीय किशोर को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार दाऊद नाग के खिलाफ खूंटी जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। वहीं कालीफ पूर्ति के खिलाफ खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को 21 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं निरुद्ध किशोर को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *