मनीष सिन्हा
डिगवाडीह : डिगवाडीह नंबर-10 कोलियरी के पीछे स्थित हनुमान मंदिर एवं शिव मंदिर की विद्युत लाइन करीब डेढ़ माह पूर्व स्थायी रूप से काट दिए जाने के बाद श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बिजली आपूर्ति बंद होने से मंदिर में धार्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं।
दो दिन पूर्व जोड़ा पोखर स्थित श्रीमती अनुपमा सिंह के आवासीय कार्यालय में पीड़ित परिवार और मंदिर के कई श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने मंदिर की बिजली आपूर्ति बंद होने की समस्या उनके सामने रखी और जल्द समाधान की मांग की।
श्रद्धालुओं की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए श्रीमती अनुपमा सिंह ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और मामले में आवश्यक पहल शुरू की। उनके प्रयास के बाद मंदिर की विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई।
मंदिर में बिजली लौटते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से बंद विद्युत व्यवस्था बहाल होने के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने राहत की सांस लेते हुए इस पहल को सराहनीय बताया।
मंदिर के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल के लिए श्रीमती अनुपमा सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि उनकी तत्परता और संवेदनशील पहल से केवल मंदिर की बिजली ही बहाल नहीं हुई, बल्कि धार्मिक गतिविधियों को भी सामान्य रूप से जारी रखने का रास्ता साफ हुआ।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनके समाधान के लिए तत्काल प्रयास करना ही जनसेवा की वास्तविक भावना है। श्रद्धालुओं ने श्रीमती अनुपमा सिंह की पहल के लिए धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।




