साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री से की 3 ट्रेनों के ठहराव की मांग

साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर फतेहपुर के खागा और बिंदकी रोड स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव सहित तीन मांगें रखीं।

फतेहपुर : राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, भारत सरकार की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने सोमवार, 18 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फतेहपुर जनपद के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों की समस्याओं से रेल मंत्री को अवगत कराया।

साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री के सामने मुख्य रूप से तीन मांगें रखीं। उन्होंने बनारस से पुणे-मुंबई जाने वाली 22589/22590 अमृत भारत एक्सप्रेस का खागा रेलवे स्टेशन पर ठहराव किए जाने की मांग की।

इसके अलावा नई दिल्ली से सिक्किम जाने वाली 15483/15484 महानंदा एक्सप्रेस को कानपुर-फतेहपुर के बीच स्थित चौडगरा औद्योगिक क्षेत्र के बिंदकी रोड स्टेशन पर ठहराव देने की मांग रखी गई।

खागा तक मेमो ट्रेन के विस्तार की मांग

साध्वी ने फतेहपुर से कानपुर के बीच चलने वाली मेमो ट्रेन संख्या 64593/64594 के संचालन का विस्तार करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन को खागा रेलवे स्टेशन से कानपुर तक चलाया जाए, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।

रेल मंत्री ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मुलाकात के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साध्वी निरंजन ज्योति को उनकी ओर से रखे गए सुझावों और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित प्रस्तावों पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सहयोगी शिव प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। फतेहपुर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और मेमो ट्रेन के विस्तार की मांग से स्थानीय यात्रियों को आने वाले समय में बेहतर रेल सुविधा की उम्मीद जगी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.