प्रतापगढ़ : हथिगवां थाना क्षेत्र के महमदपुर बरई गांव में प्रेम विवाह के करीब डेढ़ माह बाद युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 13 अगस्त को सुआनारी गांव के पास हुए हमले में गंभीर रूप से घायल शिवनाथ उर्फ मुन्नू यादव की शुक्रवार सुबह प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की पत्नी अर्चना यादव ने अपने चाचा समेत कई परिजनों पर पति की सुनियोजित तरीके से हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 15 अगस्त को दो आरोपियों वीरेंद्र कुमार यादव और जितेंद्र यादव उर्फ सतेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से घटना में इस्तेमाल एक-एक बांस का डंडा बरामद किया गया है।
छह साल के प्रेम संबंध के बाद किया था विवाह
पुलिस के अनुसार शिवनाथ और अर्चना के बीच करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के घर महमदपुर बरई गांव में एक-दूसरे से करीब 200 मीटर की दूरी पर हैं। 25 जून को दोनों घर से चले गए थे। इसके बाद 26 जून को दिल्ली स्थित आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और 29 जून को शालीमार बाग में कोर्ट मैरिज भी की थी।
प्रेम विवाह से नाराजगी के बीच अर्चना के चाचा वीरेन्द्र ने 27 जून को कुंडा कोतवाली में तहरीर देकर शिवनाथ पर उनकी भतीजी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा था।
इसी मामले में 13 अगस्त को शिवनाथ और अर्चना अपने परिजनों के साथ कुंडा पहुंचे और पुलिस के सामने बयान दर्ज कराए। अर्चना का आरोप है कि बयान दर्ज कराने के बाद वापस लौटते समय सुआनारी गांव के पास कुछ लोगों ने उनके पति को रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
हमले में गंभीर रूप से घायल शिवनाथ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी ने लगाया साजिश रचकर हत्या कराने का आरोप
अर्चना यादव का आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज उसके चाचा और अन्य परिजनों ने साजिश रचकर उसके पति की हत्या कराई। उसका दावा है कि उसे और शिवनाथ को पहले से अपनी जान का खतरा था और इस संबंध में पुलिस को जानकारी भी दी गई थी। अर्चना ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की है। साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, स्कार्पियो भी सीज
घटना के बाद पुलिस ने नामजद और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने 15 अगस्त को भदरी रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई करते हुए वीरेंद्र कुमार यादव और जितेंद्र यादव उर्फ सतेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक-एक बांस का डंडा बरामद हुआ है। घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों, लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। युवक की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।




