धनबाद के स्कूलों में हरियाली अभियान, डीसी आदित्य रंजन ने लगाए पौधे

धनबाद के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पौधारोपण अभियान चलाया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्कूलों का निरीक्षण कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर निर्देश दिए।

मनीष सिन्हा

धनबाद : “आओ पेड़ लगाएं, धरती को हरियाली से सजाएं” के संदेश के साथ सोमवार को धनबाद जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में मौजूद रहकर पौधारोपण कार्यक्रम की निगरानी की।

इस अभियान के तहत उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, प्लस टू उच्च विद्यालय यादवपुर और प्लस टू उच्च विद्यालय नगरकियारी का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण करने के साथ स्कूलों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

स्वतंत्रता दिवस से पहले स्कूलों की साफ-सफाई पर जोर

विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रभारी प्राचार्यों को आगामी स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026, को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की ओर से विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे ‘No Cost – Low Cost’ नवाचारों और प्रयासों की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा कि हरित पहल और निरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पहले विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

छात्रों और विद्यालय परिवार ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक रूप से वृक्षारोपण की शपथ ली। सभी ने प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

छात्रों और विद्यालय कर्मियों ने लगाए गए पौधों को जीवित रखने, जल, वायु और प्रकृति को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।

इसके साथ ही प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने और हरित धनबाद एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी संकल्प लिया गया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *