धनबाद जिला परिषद का वेब पोर्टल लॉन्च, अब ऑनलाइन होगी संपत्तियों की बुकिंग

धनबाद जिला परिषद का आधिकारिक वेब पोर्टल शुरू हो गया है। दुकान, टाउन हॉल, मैदान और विवाह मंडप की बुकिंग अब ऑनलाइन होगी, आधार होगा पहले आओ पहले पाओ।

मनीष सिन्हा

धनबाद : जिला परिषद धनबाद ने डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अपने आधिकारिक वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, उप विकास आयुक्त सन्नी राज और जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी ने संयुक्त रूप से पोर्टल का विधिवत उद्घाटन किया। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य ग्रामीण प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सशक्त और तकनीक के अनुरूप बनाना है।

इस मौके पर जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि बोर्ड की बैठकों में कई बार जिला परिषद से जुड़ी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध कराने की मांग उठती रही है। अब पोर्टल शुरू होने से लोगों को घर बैठे जिला परिषद से संबंधित जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा जिला परिषद की दुकानों का भाड़ा भी ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से जिले की ग्रामीण आबादी को योजनाओं की जानकारी, प्रशासनिक सेवाओं और विकास कार्यों से जुड़ी सूचनाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। जिला परिषद के सदस्यों और आम लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद की दुकान, टाउन हॉल, मैदान, विवाह मंडप, डीपीआरसी भवन समेत अन्य परिसंपत्तियों की बुकिंग भी ऑनलाइन की जा सकेगी। इन सभी सुविधाओं की बुकिंग “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर होगी।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि डिजिटल युग में जिला परिषद का यह पोर्टल ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, योजनाओं की त्वरित मॉनिटरिंग और ग्रामीणों तक प्रशासन की सीधी पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ऑनलाइन व्यवस्था से योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक तेजी से पहुंच सकेगी।

कॉमन सर्विस सेंटर का भी हुआ उद्घाटन

इसी अवसर पर जिला परिषद कार्यालय परिसर में नए कॉमन सर्विस सेंटर का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय नागरिकों को सरकारी योजनाओं तथा डिजिटल सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है।

कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से लोगों को प्रमाण पत्र, पेंशन, आधार कार्ड में सुधार समेत विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं होगी। प्रमुख सरकारी और गैर-सरकारी ऑनलाइन सेवाएं अब एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रशासन के अनुसार, इन डिजिटल सुविधाओं से सेवाओं की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी। जिला परिषद के वेब पोर्टल और कॉमन सर्विस सेंटर की शुरुआत को धनबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *