मनीष सिन्हा
धनबाद : संगठन को बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियान को धार देने को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला कांग्रेस मुख्यालय भवन, हाउसिंग कॉलोनी में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की। इसमें जिले के सभी प्रखंड एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ बूथ और पंचायत स्तर पर कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई। विभिन्न नगर और प्रखंड कांग्रेस कमेटियों, मंडल अध्यक्षों, पंचायत कांग्रेस कमेटियों तथा बीएलए-2 के पिछले महीने के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने का रास्ता गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने से होकर गुजरता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनने, अधिकारों की रक्षा करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन नेताओं के भरोसे नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत होगा।
जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और चुनावी वादों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने नोटबंदी, नमामि गंगे, स्वच्छ भारत मिशन, महिला सुरक्षा, मेक इन इंडिया, प्रदूषण नियंत्रण, स्मार्ट सिटी, महंगाई और भ्रष्टाचार नियंत्रण समेत कई मुद्दों पर केंद्र सरकार की नीतियों को विफल बताया। उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की आय, काला धन और अर्थव्यवस्था से जुड़े पुराने वादों का भी उल्लेख किया।
15 अगस्त को सभी पंचायतों में होगी ग्राम सभा
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को धनबाद जिले की सभी पंचायतों में पंचायत कांग्रेस कमेटियों की ओर से ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं के जरिए ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं, जनभावनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों, भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से ग्राम सभाओं को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रारूप मतदाता सूची पर भी होगी चर्चा
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 5 अगस्त 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची पर भी चर्चा की गई। तय किया गया कि 15 अगस्त को होने वाली प्रत्येक पंचायत स्तरीय ग्राम सभा में प्रारूप मतदाता सूची की समीक्षा की जाएगी।
ग्राम सभाओं में मतदाता सूची से छूटे नाम, गलत प्रविष्टियां, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम तथा अन्य संभावित त्रुटियों की पहचान की जाएगी। आवश्यक सुझाव और आपत्तियां संबंधित निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी तय की गई। प्रत्येक ग्राम सभा की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 16 अगस्त की शाम छह बजे तक जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
पानी-बिजली और प्रदूषण पर आंदोलन का ऐलान
बैठक में विभिन्न प्रखंड और नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों तथा प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं। पेयजल संकट, बिजली की अनियमित आपूर्ति, भ्रष्टाचार, प्रदूषण, खराब सड़कें, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी समस्याओं पर विशेष चिंता जताई गई।
कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया। इसके तहत पंचायत स्तर से जिला मुख्यालय तक धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन, पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हुए तो पार्टी व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, जल संकट, प्रदूषण और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। कांग्रेस इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और हर पंचायत, वार्ड तथा प्रखंड में जनता की आवाज उठाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और 15 अगस्त की ग्राम सभाओं को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बीएलए-2 कार्यकर्ताओं के बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। नेताओं ने बूथ स्तर पर लगातार सक्रिय रहकर आम जनता तक कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में निरसा प्रखंड अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार राय, भूली नगर अध्यक्ष गंगा वाल्मीकि, चिरकुंडा नगर अध्यक्ष शशि भूषण नाथ तिवारी, पूर्वी टुंडी प्रखंड अध्यक्ष योगेश रजक, धनबाद नगर अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, बलियापुर प्रखंड अध्यक्ष प्रतिनिधि रणजीत कुमार सिंह, गोविंदपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार हाड़ी, बाघमारा प्रखंड अध्यक्ष बलराम महतो, झरिया नगर अध्यक्ष श्याम कुमार साह, झरिया प्रखंड अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश पासवान, शंकर अग्रवाल, सिंदरी नगर कांग्रेस अध्यक्ष राज बिहारी यादव, केंदुआ-करकेंद नगर कांग्रेस अध्यक्ष नवीन पासवान, गौतम पासवान सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक का समापन बूथ और पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने, 15 अगस्त को सभी पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जनआंदोलन चलाने के संकल्प के साथ हुआ।




