सुलतानपुर : बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर थाना अंतर्गत पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव में रविवार सुबह खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन एक किशोर की मौत का कारण बन गई। चरी के खेत में गए 16 वर्षीय आर्यन तिवारी करंट की चपेट में आ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक आर्यन घर के सामने स्थित चरी के खेत में गया था। आरोप है कि खेत के किनारे सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन में बिजली का तार जुड़ा हुआ था। इसी दौरान आर्यन तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बल्दीराय तहसीलदार सुनील कुमार, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
किशोर की मौत के बाद प्रशासन ने खेतों में लगाई जा रही झटका मशीनों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बल्दीराय एसडीएम प्रभात सिंह ने तहसील क्षेत्र के किसानों को खेतों में लगाई गई झटका मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने चेतावनी दी है कि जांच के दौरान यदि किसी खेत में झटका मशीन मिली तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद किसानों में भी खेतों की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाली ऐसी मशीनों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।




