स्कूल-कॉलेजों में आयोजित की गई चुनाव पाठशाला
धनबाद, 5 अगस्त: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत बुधवार को धनबाद जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी एवं बाघमारा विधानसभा क्षेत्रों में प्रारूप मतदाता सूची जारी की गई।
इस अवसर पर स्कूल और कॉलेजों में चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज करने का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के अंदर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना दावा एवं आपत्ति संबंधित बीएलओ के पास जमा करें।
उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 तक नोटिस सत्यापन तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे दावा एवं आपत्ति के चरण के दौरान अपनी मतदाता संबंधी जानकारी की जांच अवश्य कर लें और जरूरत पड़ने पर समय पर आवेदन करें।
रिपोर्ट: मनीष सिन्हा
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल




