रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर शिवहर में संकल्प सभा, जुटे कार्यकर्ता

शिवहर में लोजपा (रामविलास) की संकल्प सभा में रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि दी गई और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट

शिवहर : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर गुरुवार को शिवहर स्थित पार्टी कार्यालय में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विजय कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

संकल्प सभा को संबोधित करते हुए विजय कुमार पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान का पूरा जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और गरीबों तथा वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। खगड़िया जिले के एक साधारण गांव से निकलकर उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और लंबे समय तक देश के कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था में भी रामविलास पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

विजय कुमार पांडेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से स्व. रामविलास पासवान के विचारों और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन को मजबूत करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना पार्टी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

संकल्प सभा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने उनके सामाजिक न्याय और गरीबों के उत्थान के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, तरियानी प्रखंड अध्यक्ष शिवजी सिंह, आईटी सेल जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भागीरथ पासवान, जिला महासचिव मनीष कुमार सिंह, शिवहर प्रखंड अध्यक्ष रणधीर कुमार तिवारी, विजय पासवान, गोल्डन पांडेय, विजय यादव, कृष्ण मोहन झा, नितेश कुमार अस्थाना, पंकज झा, प्रिंस पटेल, अभिषेक पटेल, आफताब खान, शिवम् पटेल, अमानत खान, कृष्णा पटेल, शनि पटेल, निखिल पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.