अमेठी में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा देशभक्ति का जज्बा

अमेठी में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंत्री व डीएम ने ध्वजारोहण किया, सेनानी आश्रित सम्मानित हुए।

अमेठी : जनपद में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी) गौरीगंज में राज्य मंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग उत्तर प्रदेश मयंकेश्वर शरण सिंह ने ध्वजारोहण किया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संजय चौहान ने तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों व जनसामान्य को राष्ट्र के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।

डीपीआरसी में आयोजित समारोह में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशप्रेम से भर दिया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित चंद्रभान यादव, शिवकुमार पांडे, हनुमान प्रसाद मिश्रा, पुरुषोत्तम गिरि और सुरेंद्र कुमार मिश्रा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इसी दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्य कर रहीं 18 विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर भी वितरित किए गए। इससे उनके कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। स्वतंत्रता दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने और उनके बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

जिलाधिकारी संजय चौहान ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी को संजोकर रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने पद और दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करना चाहिए। साथ ही ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे किसी अन्य व्यक्ति को पीड़ा पहुंचे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *