मनीष सिन्हा
धनबाद : दानापुर–कोडरमा (13234) इंटरसिटी एक्सप्रेस को धनबाद तक विस्तारित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर धनबाद के विधायक और झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा के प्रयास को अहम प्रगति मिली है। इस ट्रेन के विस्तार से धनबाद और आसपास के हजारों यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
धनबाद मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा ने 25 सितंबर 2026 को विधायक राज सिन्हा को पत्र भेजकर बताया कि उनके 22 अगस्त 2026 के पत्राचार के संदर्भ में दानापुर–कोडरमा (13234) इंटरसिटी एक्सप्रेस को धनबाद तक विस्तारित करने का प्रस्ताव आवश्यक कार्रवाई के लिए रेलवे मुख्यालय भेज दिया गया है।
रेलवे मंडल की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि इस मामले में सी.टी. टाइम टेबल/सूचना एवं प्रस्ताव/26, दिनांक 5 अगस्त 2026 के माध्यम से प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्यालय अग्रसारित किया गया है। इससे ट्रेन के धनबाद तक विस्तार की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि दानापुर–कोडरमा इंटरसिटी एक्सप्रेस का धनबाद तक विस्तार होने से धनबाद समेत आसपास के इलाकों के हजारों यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इस मांग को लेकर वे लगातार रेलवे के संबंधित अधिकारियों और मंत्रालय के समक्ष अपनी बात रखते रहे हैं और आगे भी हरसंभव प्रयास जारी रखेंगे।
राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक शहर है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पटना, गया, कोडरमा और बिहार के अन्य क्षेत्रों की यात्रा करते हैं। ऐसे में दानापुर–कोडरमा इंटरसिटी का धनबाद तक विस्तार यात्रियों के लिए आवागमन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
विधायक ने कहा कि प्रस्ताव का रेलवे मुख्यालय तक पहुंचना सकारात्मक कदम है। अब उनका प्रयास रहेगा कि प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिले और इसका क्रियान्वयन भी शीघ्र हो। उन्होंने भरोसा जताया कि इस पहल से धनबाद की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिल सकती है।


