लोहरदगा/रांची : झारखंड में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) और वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) को लेकर परिवहन विभाग नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी में है। व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन मालिक और लाइसेंसधारी अपना डीएल और आरसी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद वे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी स्थान से पीवीसी कार्ड पर इसका प्रिंट करा सकेंगे। इससे डीएल-आरसी के पीवीसी कार्ड के लिए परिवहन कार्यालय या किसी निर्धारित एजेंसी पर निर्भरता खत्म हो जाएगी।
परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने 6 अक्टूबर 2026 को राज्य के सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें नई व्यवस्था लागू करने से पहले जरूरी तैयारियां पूरी करने और लोगों के बीच इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है।
स्वीकृति के बाद ऑनलाइन डाउनलोड की सुविधा
नई व्यवस्था के तहत डीएल या आरसी के लिए आवेदन करते समय आवेदक को अपना सही और चालू मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद संबंधित डीएल और आरसी डिजिटल रूप में ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके बाद आवेदक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी उपयुक्त प्रिंटिंग सेंटर से उसका पीवीसी कार्ड पर प्रिंट करा सकेगा।
रोसमेर्टा की मौजूदा व्यवस्था होगी बंद
विभागीय पत्र के मुताबिक फिलहाल डीएल और आरसी की प्रिंटिंग और जारी करने के लिए रोसमेर्टा (Rosmerta) की व्यवस्था संचालित है। एनआईसी की नई ऑनलाइन सुविधा शुरू होने के बाद इस व्यवस्था को बंद कर दिया जाएगा। इसे लेकर सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
आवेदन के समय सही मोबाइल नंबर जरूरी
परिवहन विभाग ने लोगों को डीएल और आरसी के लिए आवेदन करते समय सही और चालू मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करने को भी कहा है। विभाग का मानना है कि डिजिटल सुविधा शुरू होने से दस्तावेजों की उपलब्धता आसान होगी और लोगों को अनावश्यक रूप से परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद डीएल और आरसी के पीवीसी कार्ड के लिए आवेदक को किसी खास कार्यालय या निर्धारित एजेंसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ऑनलाइन दस्तावेज डाउनलोड करने के बाद अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी उसका प्रिंट कराया जा सकेगा। इससे डीएल-आरसी कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
स्वीकृति के बाद ऑनलाइन डाउनलोड की सुविधा

